प्रदेश को मंगलवार को 3500 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। इन परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है। सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान गुरुग्राम के सांसद एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह सहित कई अन्य भी उपस्थित रहेंगे।
जिन तीन परियोजनाओं का लोकार्पण मंगलवार 19 जुलाई को होने जा रहा है, उनमें गुरुग्राम से सोहना तक बनाए गए लगभग 22 किलोमीटर लंबाई के 6 लेन राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-248ए शामिल हैं। इस परियोजना के निर्माण पर 2009 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है। इसके अलावा, एनएच-11 पर रेवाड़ी से अटेली मंडी तक चार मार्गी सड़क के निर्माण कार्य का भी लोकार्पण होगा। लगभग 30.39 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 1193 करोड़ रुपये की राशि खर्च हुई है।
इसी प्रकार, खेरड़ी मोड़ से भिवानी बाईपास होते हुए हालुवास गांव तक लगभग 25 किलोमीटर लंबाई की बनाई गई 4 लेन परियोजना (एनएच-709) का विस्तार किया गया है और एनएच-148बी) का लोकार्पण भी किया जाएगा। इसके निर्माण पर लगभग 247 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है। इन परियोजनाओं से प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी। एनएचएआई के निदेशक पीके कौशिक ने बताया कि उद्घाटन समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम शाम पांच बजे शुरू होगा।
आज से शस्त्र लाइसेंस और नवीनीकरण की ऑनलाइन सुविधा मिलेगी
आज से प्रदेश के लोगों को शस्त्र लाइसेंस बनवाने के लिए पुलिस और दूसरे कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने होंगे। घर बैठे इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। यह सुविधा आज से पूरे प्रदेश में ऑनलाइन होगी। मनोहर लाल मंगलवार को दोपहर बाद रैकरूट ट्रेनिंग सेंटर (आरटीसी) भोंडसी में आर्म्स लाइसेंस बनवाने और रिन्यू करवाने की ऑनलाइन सुविधा का विधिवत शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री वहां बनाई गई शूटिंग रेंज का अवलोकन भी करेंगे।