फरीदाबाद निगम के अधिकारी ने अपने आयुक्त से की शिकायत, मुकदमा दर्ज कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर कूड़ा डालने को लेकर गुरुग्राम और फरीदाबाद नगर निगम के अधिकारियों के बीच की रार एक कदम और गई है। बीती 23 जून को बंधवाड़ी साइट पर फरीदाबाद से आए कूड़े से भरे पांच डंपर पांच घंटे तक खड़े रहे थे। डंपरों की अनलोडिंग से इंकार पर गुरुग्राम नगर निगम के एसडीओ और फरीदाबाद निगम के कार्यकारी अभियंता के बीच विवाद हुआ था। मामले में फरीदाबाद निगम के अधिकारी ने अपने निगमायुक्त को एसडीओ के खिलाफ शिकायत दी है। जिसमे एसडीओ पर अभद्रता और सरकार काम में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया है।
फरीदाबाद निगमायुक्त को कार्यकारी अभियंता ने शिकायत देकर कहा है कि बीते रविवार को ट्रांसफर स्टेशन से कूड़ा एकत्रित करके बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर खाली करने के लिए नगर निगम फरीदाबाद की कई गाड़ियां गई थीं। प्लांट की मशीनरी द्वारा इनको खाली नहीं कराया गया। जिससे सभी गाड़ियां साइट पर घंटों खड़ी रहीं। इस बावत उनको इंचार्ज अंकुश ने फोन करके जानकारी दी। फिर उसने गुरुग्राम निगम के एसडीओ और बंधवाड़ी प्लांट के इंचार्ज से बात की। तो एसडीओ ने उसने वहां पर गाड़ी खाली करवाने से इंकार कर दिया और कहा कि आप स्वयं अपना इंतजाम करें। कार्यकारी अभियंता ने आरोप लगाया कि है नगर निगम गुरुग्राम के एसडीओ ने सरकारी काम में बाधा डाली है। फरीदाबाद की कूड़े की गाड़ियों को बंधवाड़ी में खाली नहीं करने दिया और उनके साथ एसडीओ ने अभद्रता की। इसके बाद नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों ने बंधवाड़ी साइट पर फरीदाबाद के कूड़े पर रोक लगा दी।
इनसेट
एसडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग
फरीदाबाद के कार्यकारी अभियंता ने शिकायत में निगमायुक्त से मांग की है कि इस समस्या के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से बात की जाए। इसके साथ ही एसडीओ के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, साजिश रचने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाए। एसडीओ के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाए।