30 जून तक चलेगा समर हीरो चैलेंज, प्रथम स्थान पर बने रहने का प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शिक्षा विभाग के ई-अधिगम समर हीरो चैलेंज की प्रदेश स्तरीय सूची में गुरुग्राम प्रथम स्थान पर है। गुरुग्राम जिले के 2838 विद्यार्थियों ने 21 से 27 जून तक प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। समर हीरो चैलेंज में विद्यार्थी व शिक्षक 30 जून तक भाग ले सकेंगे। हरियाणा की सूची में कैथल 2012 विद्यार्थियों की संख्या के साथ दूसरे व हिसार 1964 विद्यार्थियों की संख्या के साथ तीसरे स्थान पर है। पंचकूला सूची में फिसड्डी रहा, जिसके 637 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन ने खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला टैबलेट वितरण अधिकारी व अन्य को दिशा-निर्देश देकर समर हीरो चैलेंज में शिक्षक व विद्यार्थियों की प्रतिभागिता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को दिए गए टैबलेट में पाल (पर्सनलाइस्ड अडेप्टिव लर्निंग) एप है। इस एप के जरिए ही विद्यार्थियों को गृहकार्य दिया जा रहा है। स्कूलों में यह कार्य जिला गणित विशेषज्ञ बलवान सिंह की देखरेख में चलाया जा रहा है। यह समर हीरो चैलेंज 30 जून तक चलेगा। समर हीरो चैलेंज पूरा करने वाले विद्यार्थियों को समर पाल हीराे विद्यार्थी व शिक्षकों को समर पाल हीरो शिक्षक का खिताब दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त शीर्ष 100 विद्यार्थियों और शीर्ष 50 शिक्षकों को विभाग द्वारा सम्मानित किया जाएगा।