गमछे घोंटा था नईम का गला
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपियों ने बबलू के साथ मिलकर मृतक नईम की गमछे से गला घोंटकर हत्या की थी। बाद में उसके शव को गड्ढे में दबाकर ऊपर से नमक डालकर मिट्टी से ढक दिया था। इससे पहले पुलिस ने 21 साल के बबलू को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के बाद ही दो अन्य आरोपियों को काबू किया गया है। तीनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं।
मूंगफली के पैसों को लेकर था विवाद
आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में खुलासा किया कि बबलू और मृतक नईम पिछले 4-5 वर्षों से गुरुग्राम में साझेदारी में मूंगफली बेचने का काम करते थे। दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
गड्ढा खोदकर दफनाई लाश, शव पर डाला था नमक
इसी विवाद के चलते आठ नवंबर को सेक्टर-63ए, कादरपुर टी-पॉइंट के पास बनी झुग्गियों में दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान आरोपी बबलू ने मृतक नईम पर चाकू से वार किया और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने अपने पहने हुए कपड़े जला दिए और मृतक के शव को पास स्थित पुराने पानी के टैंक में मिट्टी खोदकर दबा दिया और ऊपर से नमक डालकर मिट्टी से ढक दिया।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वारदात में प्रयोग किया गया हथियार व अन्य बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाई ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
ये मामला सेक्टर-65 थाना में 11 नवंबर को सामने आया था। नईम के लापता होने की शिकायत उसके भाई ने पुलिस को दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका भाई नईम (उम्र करीब 25 वर्ष) गुरुग्राम में मूंगफली बेचने का काम करता था। आठ नवंबर की शाम वह बैटरी चार्ज करने के लिए चार्जर लेने दिल्ली जाने की बात कहकर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसकी तलाश करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में सेक्टर-50, गुरुग्राम में एक मोबाइल फोन मिलने की सूचना पर शिकायतकर्ता ने वहां जाकर फोन प्राप्त किया, जो उसके भाई का था। सेक्टर-65 थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
सीसीटीवी बना मददगार
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आस-पास के इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर 22 नवंबर को सेक्टर-63ए, कादरपुर टी-पॉइंट के पास खाली खेतों में बने एक पुराने पानी के टैंक के पास जमीन में दबा हुआ नईम का शव बरामद किया गया। मामले में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ी गईं।