भीड़भाड़ वाले इलाके में जानलेवा स्टंट
एमजी रोड गुरुग्राम का एक बेहद व्यस्त और संवेदनशील इलाका माना जाता है। यहाँ बड़ी संख्या में पब, बार और शॉपिंग मॉल होने के कारण सुबह से लेकर देर रात तक पैदल यात्रियों, स्थानीय निवासियों और नौकरीपेशा लोगों की भारी आवाजाही रहती है। विशेषकर शाम के समय सहारा मॉल के आसपास काफी भीड़ होती है।
लोगों ने बचाई जान
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इस व्यस्त सर्विस लेन में एक काले रंग की बोलेरो गाड़ी तेजी से चल रही है। गाड़ी के बोनट पर एक युवक बेहद लापरवाही से बैठा हुआ है, जबकि चालक गाड़ी को दौड़ा रहा है। गाड़ी की पिछली सीट पर भी एक अन्य युवक बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। स्टंट के इस वीडियो के बैकग्राउंड में एक फिल्मी गाना भी बज रहा है। इस खतरनाक स्टंट के कारण सड़क पर चल रहे पैदल राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने पीछे हटकर बमुश्किल अपनी जान बचाई।
पुलिस जांच में जुटी, जल्द होगी गिरफ्तारी
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर मंगलवार की सुबह वायरल हुआ था। हालांकि, यह वीडियो सटीक रूप से किस दिन और समय का है, इस बारे में अभी पुख्ता जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब गाड़ी के नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का बयान
बोलेरो गाड़ी से स्टंट करने के मामले में संज्ञान लेते हुए अज्ञात युवकों के खिलाफ सेक्टर-29 थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की टीमें आरोपियों की पहचान करने में जुटी हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता, गुरुग्राम
पुलिस ने की अपील
गुरुग्राम पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि सड़कों पर इस तरह के जानलेवा स्टंट न करें, जिससे उनकी और दूसरों की जान खतरे में पड़े। पुलिस का कहना है कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों और सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।