- रेट पर उच्चाधिकारी करेंगे निर्णय, एक ही कंपनी ने किया था आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से साइबर सिटी मेट्रो लाइन निर्माण के लिए डिटेल डिजाइन कंसलटेंट (डीडीसी) के लिए फ्रांस की कंपनी सिस्ट्रा का सोमवार को फाइनेंसियल बिड खोला गया। इसमें कंपनी तय मानकों के अनुरूप मिली है। इससे पहले कंपनी की तकनीकी बिड खोली गई थी। डीसीसी के लिए सिर्फ एक कंपनी ने टेंडर किया है। अब रेट पर उच्चाधिकारी निर्णय लेंगे।
गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड ने डिटेल डिजाइन कंसलटेंट के लिए छह जून को टेंडर जारी किया था। इसमें सिस्ट्रा नामक कंपनी ने आवेदन किया था। मेट्रो के एक अधिकारी ने बताया कि एजेंसी का दोनों बिड सही रहा है। योजना के अनुसार डिटेल डिजाइन सलाहकार (डीडीसी) 27 स्टेशनों वाले एलिवेटेड सेक्शन (28.5 किमी) के सिविल आर्किटेक्चरल और ईएंडएम कार्यों को करेगा। इसमें सभी 27 एलिवेटेड स्टेशनों का ले आउट प्लान भी शामिल है। साथ ही फुट ओवर ब्रिज, कलवर्ट आदि का डिजाइन भी शामिल रहेगा।
-
मिलेनियम सिटी से आगे होगा विस्तार
मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन से आगे मेट्रो का विस्तार होना है। इसके बाद सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर 47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72 ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज- 6, सेक्टर-10, सेक्टर-37, बसई गांव, सेक्टर-9, सेक्टर 7, सेक्टर 4, सेक्टर-5 , अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन , पालम विहार, सेक्टर-23 ए, सेक्टर-22, उद्योग विहार फेज-4, उद्योग विहार फेज-5, साइबर सिटी से द्वारका एक्सप्रेसवे (सेक्टर 101) शामिल है।