क्राइम ब्रांच के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक दीपक नांदल गैंग के पांच शूटर स्कॉर्पियो में सवार होकर रंगदारी के इरादे से यहां पहुंचे थे। इसकी सूचना अपराध शाखा की टीमों को पहले से लग गई। पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। अपराध शाखा सेक्टर-31 इंचार्ज इंस्पेक्टर आनंद यादव और सेक्टर-40 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
जैसे ही काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम को देखा तो गोलियां चलानी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। मौके पर 20 से अधिक गोलियां चली। इस दौरान 4 शूटरों को पुलिस ने ढेर कर दिया, जबकि पांचवां बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। एनकाउंटर में एक एएसआई समेत 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए। तीनों को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के मैनेजर के घर पर गोली चलाने में भी नांदल के चार गुर्गे हुए थे गिरफ्तार
कन्हई गांव में 2 मई की देर रात सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के मैनेजर सौरभ के घर पर गोली चलाने के मामले में भी गैंगस्टर दीपक नांदल के चार गुर्गे गिरफ्तार हो चुके हैं। आरोपियों की पहचान रोहतक के बखेता गांव निवासी अशोक उर्फ पहलवान, चीडी गांव निवासी मनोज काबर, सोनीपत के कथुरा गांव निवासी सुमित और गांव गढ़ शाहजांपुर निवासी विक्की के रूप में हुई थी।
आरोपियों ने गैंगस्टर दीपक के कहने पर ही रैकी और हथियार मुहैया कराने में मदद की थी। मैनेजर के घर बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली चलाई थी। वारदात के दौरान मैनेजर को मिले सुरक्षाकर्मी सिपाही कुलबीर के हाथ और पैर पर गोली लगी थी। सिपाही की शिकायत पर ही सेक्टर-40 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज हुई थी।