तीसरा मरीज 45 वर्षीय संक्रमित वजीराबाद का रहने वाला है। युवक पूरी तरह से वैक्सीनेटेड है। मरीज को कोई यात्रा विवरण भी नहीं है। जिले में पिछले चार दिनों में कोरोना के तीन मरीज मिल चुके हैं। अन्य दो मरीजों में 31 वर्षीय महिला और 62 वर्षीय बुजुर्ग है। सेक्टर-51 निवासी महिला मुंबई घूमने गई थी जबकि सेक्टर-70 निवासी 62 वर्षीय एक बुजुर्ग है, जिनका कोई यात्रा विवरण नहीं मिला है। स्वास्थ्य विभाग ने तीनों संक्रमितों को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद होम आइसोलेशन में भेज दिया है।
विभाग ने मरीजों के नमूनों को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लैब भेजा है। शहर में कोरोना के मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। सिविल सर्जन डॉ. अलका सिंह ने बताया कि दो मरीजों को कोरोना के हल्के लक्षण हैं। चिंता करने की बात नहीं है। कोरोना वायरस से संक्रमण के कुछ मामले आने से लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। कोरोना का प्रभाव अब ज्यादा गंभीर नहीं है। यह संक्रमण अब सामान्य कोल्ड यानी जुकाम-बुखार की तरह ही है। इससे पहले जैसी महामारी आने की खास आशंका नहीं है लेकिन फिर भी सतर्कता बनाए रखना महत्वपूर्ण है।
उन्होंने शहर वासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग अपनी सतर्कता बनाए रखें और कोरोना के सामान्य लक्षणों पर नजर रखें। अगर किसी को हल्का बुखार, सर्दी, खांसी या गले में खराश जैसी समस्याएं महसूस होती हैं, तो उन्हें तुरंत जांच करानी चाहिए। सर्दी, खांसी या बुखार होने की स्थिति में दूसरों से दूरी बनाकर रखें।