एसटीएफ, सीआईए के साथ दिल्ली पुलिस की एक टीम भी जांच के लिए पहुंची, बहन और मां से पूछताछ
लॉरेंस गिरोह में शामिल गैंगस्टर रोहित गोदारा का करीबी है शूटर विशाल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर फायरिंग करने के मामले में गुरुग्राम कनेक्शन सामने आया है। सलमान खान के मुंबई स्थित घर पर फायरिंग करने वाले दो शूटरों में एक विशाल उर्फ कालू गुरुग्राम के महावीरपुरा का रहने वाला है। वह लॉरेंस के गिरोह में शामिल गैंगस्टर रोहित गोदारा का करीबी है। रोहित के कहने पर जब विशाल उर्फ कालू ने 29 फरवरी को रोहतक में क्रिकेट बुकी सचिन मुंजाल की हत्या की तो उसका नाम अपराध की दुनिया में सामने आया।
जैसे ही विशाल उर्फ कालू के बारे में पुलिस को पता चला तो एसटीएफ, सीआईए पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस की एक टीम भी उसके महावीरपुरा स्थित घर पर जांच के लिए पहुंची। पुलिस टीमों ने उसकी बहन और मां से पूछताछ भी की। वहीं इसके बाद से कालू के घर के बाहर ताला लगा हुआ है। पड़ोसियों के मुताबिक वह अपने रिश्तेदारों के यहां जा चुके हैं।
सीसीटीवी के जरिए हुई पहचान
रविवार सुबह करीब 5 बजे मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित ‘ गैलेक्सी अपार्टमेंट्स ’ के बाहर बाइक सवार दो शूटर ने चार गोलियां चलाईं और फरार हो गए। मुंबई पुलिस की टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें दो शूटर दिखाई दिए। पुलिस ने मुंबई और 29 फरवरी को रोहतक में हुए सचिन हत्याकांड के बाद जो सीसीटीवी सामने आया उसका मिलान किया तो उसमें एक व्यक्ति का चेहरा हूबहू विशाल उर्फ कालू से मिलता दिख रहा है। इसके बाद पुलिस को पता चला कि कालू लॉरेंस गैंग के रोहित गोदारा के टच में था। वहीं, दूसरी तरफ सलमान के घर के बाहर फायरिंग करने की जिम्मेदारी भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस पोस्ट की पुष्टि नहीं की है। लेकिन दोनों ही जगह विशाल उर्फ कालू की भूमिका का पता चलने के बाद पुलिस टीमों ने दबिश देनी शुरू कर दी है।
जेल में गैंगस्टर रोहित के संपर्क में आया कालू
विशाल उर्फ कालू का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसका एक और भाई भी आपराधिक किस्म का है। शुरुआत में विशाल पर बाइक चोरी और फायरिंग जैसे मामले दर्ज हुए थे। जेल जाने के बाद वह गैंगस्टर रोहित गोदारा के संपर्क में आ गया। यहीं से उसने बड़ी वारदात करनी शुरू कर दी।
रोहतक में की स्क्रैप कारोबारी की हत्या
गुरुग्राम के रहने वाले बुकी और स्क्रैप कारोबारी सचिन मुंजाल 29 फरवरी की रात को अपनी मां और पत्नी के साथ पंजाब में किसी शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रास्ते में रोहतक के लाखनमाजरा के होटल में खाना खाने के लिए रुके। इसी दौरान सचिन की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई । होटल पर लगे सीसीटीवी कैमरे से शूटर की पहचान हुई। वहीं इस वारदात की जिम्मेदारी गैंगस्टर रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पोस्ट डालकर ली थी। इसमें भी विशाल उर्फ कालू का नाम सामने आया था। हरियाणा पुलिस की टीमें विशाल उर्फ कालू को काफी समय से तलाश रही थी।
तीन भाईयों में सबसे छोटा है कालू
कालू की बहन बरखा ने बताया कि 25 साल का विशाल तीन भाइयों में सबसे छोटा है। वह दसवीं कक्षा तक पढ़ा है। उसके दो बड़े भाइयों में एक पेंटर तो दूसरा आपराधिक किस्म का है। विशाल फरवरी माह में आखिरी बार घर आया था। उसके बाद 29 फरवरी को उस पर बुकी सचिन के कत्ल का इल्जाम लगा।
वर्जन
सलमान के घर के सामने गोली चलाने वाले विशाल के घर पर पुलिस गई थी। उसकी बहन के हिसाब से वह फरवरी से ही घर नहीं आया है। मुंबई पुलिस की ओर से संपर्क के बाद जितनी जानकारी थी उसे साझा किया गया है। - वरुण दहिया, एसीपी क्राइम, गुरुग्राम।