भीम जोरा का साथी मौके से फरार
इस मुठभेड़ में भीम जोरा का साथी मौके से फरार हो गया। इंस्पेक्टर नरेंद्र ने बताया कि मृत आरोपी का नाम भीम जोरा पुत्र महाबहादुर जोरा था, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। वह भारत में डकैती और हत्या के साथ-साथ चोरी की बहुत सी वारदातों को अंजाम दे चुका था। दो अक्तूबर को आरोपी बदमाश ने गुरुग्राम के सेक्टर-49 की पॉश सोसायटी ओर्किड पेटल के विला नंबर 3 में महरौली भाजपा जिला उपाध्यक्ष ममता भारद्वाज के घर में अपने एक साथी युवराज थापा के साथ मिलकर 20 लाख की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों ने चोरी के सामान को आधा-आधा बांट लिया था। इसमें अपराध शाखा सेक्टर 43 की पुलिस ने युवराज थापा को गिरफ्तार कर लिया था।
दिल्ली में एक लाख और गुरुग्राम में 50 हजार का था इनाम
भीम जोरा दिल्ली में एक चोरी की वारदात के दौरान डॉक्टर की हत्या करने में वांछित था, दिल्ली पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये इनाम घोषित किया हुआ था। वहीं, गुरुग्राम के सिविल लाइंस क्षेत्र में भी चोरी के एक मामले में वांछित चल रहा था। 2 अक्तूबर को सेक्टर-49 हुई वारदात के बाद से ही गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर 43 की टीम आरोपी भीम जोरा की तलाश मे लगी थी।