गुरुग्राम। शहर की फिरोज गांधी कॉलोनी सोमवार दोपहर को गोलियों की तड़तड़ाहट से सिहर गई। बाइक से आए बदमाशों ने ताबड़तोड़ 21 गोलियां चलाकर कार सवार युवक को मौत की नींद सुला दिया। घटना के बाद जब तक लोग कुछ समझ पाते हमलावर फरार हो चुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात सोमवार को करीब 12 बजे हुई जब डेयरी संचालक अपने दोस्त की कार से पशुओं के लिए चारा लेने जा रहा था। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बसई निवासी मनीष डेयरी संचालक थे। वह सोमवार दोपहर को फिरोज गांधी कॉलोनी निवासी अपने दोस्त शिवजीत की कार लेकर पशुओं के लिए चारा लेने जा रहे थे। कॉलोनी से वह निकलने ही वाले थे कि दोपहर को पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाश उनकी हत्या की पूरी योजना बनाकर आए थे। यही वजह है कि उन पर ताबड़तोड़ 21 गोलियां चलाई गईं, जिसमें मनीष को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वारदात के बाद मौके पर ही मनीष ने दम तोड़ दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शरीर से डॉक्टरों ने 12 गोलियां निकालीं।
मनीष की नहीं थी किसी से रंजिश
परिजनों के मुताबिक, मनीष की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वहीं, मृतक के दोस्त शिवजीत वकील हैं और दबंग प्रवृत्ति के हैं। आशंका है कि हमलावर कार मालिक के आधार पर शिवजीत की हत्या के इरादे से आए रहे होंगे लेकिन निशाना मनीष बन गए। यह भी कहा जा रहा है कि शिवजीत ठेकेदारी भी करते हैं। हालांकि, इस बारे में शिवजीत की तरफ से पुष्टि नहीं हो पाई है। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, वारदात के बाद घटनास्थल पर फॉरेंसिंग टीम भी पहुंची और मौके का बारीकी से मुआयना किया। हमलावरों तक पहुंचने के लिए फिलहाल सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं, अलग-अलग दृष्टिकोण से भी पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
वारदात के बाद इलाके में दहशत
दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर हुई हत्या के बाद धर्मवीर कॉलोनी के पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आसपास के लोगों के मुताबिक हमलावर बिल्कुल प्रशिक्षित थे, जिन्होंने वारदात को बहुत कम समय में अंजाम दिया और फरार हो गए। हमलावर बाइक या कार से आए थे, इस बात को लेकर भी असमंजस बना हुआ है। वहीं, अधिकांश लोग तो वारदात के बारे में कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। पुलिस मृतक के दोस्त और कार मालिक शिवजीत से भी पूछताछ करेगी।