मानेसर का एक्यूआई 328 और गुरुग्राम का 362 रिकॉर्ड किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में ग्रेप 4 लागू होने के बावजूद वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं दिख रहा है। इसके उलट हवा और ज्यादा जहरीली होती जा रही है। शनिवार को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गुरुग्राम तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ताजा बुलेटिन के अनुसार मानेसर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 328 और गुरुग्राम का 362 रिकॉर्ड किया गया, जो काफी खराब श्रेणी में आता है।
शहर में सुबह से ही हल्की स्मॉग की परत छाई रही, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई और लोगों को सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। हालांकि शनिवार को हल्की धूप निकलने से कुछ समय के लिए स्मॉग जैसी स्थिति नजर आई, लेकिन प्रदूषण का स्तर खतरनाक बना रहा। बढ़ते प्रदूषण के कारण बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से ग्रस्त लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषण के प्रमुख कारणों में वाहनों का धुआं, निर्माण गतिविधियां और मौसमी परिस्थितियां शामिल हैं। यदि हालात ऐसे ही बने रहे तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
हवा खराब होने के मुख्य कारण
-जर्जर सड़कों से उड़ती धूल
-निर्माण कार्यों से निकलने वाला धूल-कण
-कूड़ा जलाना
-पुराने वाहनों से निकलता धुआं
-पटाखों का उपयोग
- नहीं हो रहा पानी का छिड़काव
इसके अलावा, शहर में कूड़ा न उठने और कई जगह गंदगी के ढेर में आग लगाने से हवा में और अधिक प्रदूषण फैल रहा है।
शनिवार को दिल्ली एनसीआर में हवा प्रदूषित
1. नोएड़ा- 401
2. दिल्ली-398
3. गुरुग्राम-362
4. गाजियाबाद-361
5. फरीदाबाद- 235