गुरुग्राम। हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन (एचसीए) द्वारा आयोजित अंडर-23 अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में गुड़गांव की टीम ने पलवल की टीम को 141 रन से हरा दिया। लाहली स्थित चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया और इसके बाद गेंदबाजों ने पलवल की बल्लेबाजी को पूरी तरह बिखेर दिया।
इस जीत के साथ गुड़गांव ने टूर्नामेंट में चार अंक भी हासिल किए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुड़गांव ने निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट खोकर पर 352 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मोक्ष मुद्गल ने 122 रनों की शतकीय पारी खेली। दूसरे छोर से विभोर गौर ने 91 रन बनाए। लक्ष्य यादव ने 35 रन और अभिराज वशिष्ठ ने नाबाद 40 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। 353 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलवल की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। पलवल की टीम 46.5 ओवर में 211 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पलवल की ओर से मोहित वशिष्ठ ने 39, अखिल सोरोत ने 38, संस्कार उपाध्या ने 36 और लव शर्मा ने 27 रन बनाए। संवाद