संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम।
गुरुग्राम विश्वविद्यालय आने वाले महीनों में पढ़ाई और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों का केंद्र बनने जा रहा है। विश्वविद्यालय में फरवरी व मार्च के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें शिक्षक और विद्यार्थी दोनों भाग लेंगें।
फरवरी की शुरुआत इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी विभाग के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से होगी, जिसमें आधुनिक तकनीकों और सतत विकास पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद भारतीय ज्ञान और व्यावहारिक पहलुओं पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर फिजियोथेरेपी विभाग में स्वास्थ्य से जुड़ी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, भौतिकी विभाग में न्यूक्लियर रेडिएशन और थिन फिल्म तकनीक पर सेमिनार और वर्कशॉप होगी। इसके अलावा मार्च माह में विश्वविद्यालय का फोकस शोध और नवाचार पर रहेगा। बायोसाइंस विभाग द्वारा पर्यावरण और सतत विकास पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा।