सेक्टर-45 व 46 स्थित ग्रीनवुड सिटी में पिछले साल लगाया सबमर्सिबल हुआ बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। ग्रीनवुड सिटी के ए, बी और सी ब्लॉक के लोग पिछले 15 दिनों से गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं। सोसाइटी में जीएमडीए के नहरी पानी की कमी को पूरा करने के लिए लगा मुख्य सबमर्सिबल पूरी तरह ठप हो गया है। स्थानीय निगम कर्मियों के अनुसार, बारिश का पानी जमा होने से इसकी मोटर नीचे धंस गई है, जिसे निकालना अब असंभव है। इस वजह से अब नई पाइपलाइन डालकर नया सबमर्सिबल बनाना होगा। वर्तमान में सोसाइटी का दूसरा छोटा सबमर्सिबल बेहद कम पानी दे रहा है और नहरी आपूर्ति भी नाममात्र की है। पिछले साल नया ट्यूबवेल लगने से लोगों को जो राहत मिली थी, वह इस तकनीकी खराबी के कारण खत्म हो गई है। निवासी एक बार फिर महंगे वाटर टैंकरों पर निर्भर होने को मजबूर हैं।
कई साल दौड़ लगाने के बाद लगा था सबमर्सिबल
पहले मोटर खराब और अब कहा जा रहा है कि सबमर्सिबल काम नहीं कर रहा इसलिए नई पाइपलाइन डालनी होगी। कई साल दौड़ लगाने के बाद तो सबमर्सिबल लगा था। -विनीता खोंसला, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष
जीएमडीए से काफी कम पानी मिलता है। स्थानीय ट्यूबवेल बंद होने के कारण पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। अब फिर महंगे वाटर टैंकरों पर निर्भर होने को मजबूर हैं। -स्नेह बजाज, निवासी
जीएमडीए से नाममात्र का पानी आता है। इस साल गर्मी में सबमर्सिबल के कारण राहत रही लेकिन अब बारिश में पानी का संकट फिर से शुरू हो गया है। -दीपक मोदगिल, उपाध्यक्ष सी ब्लॉक
बारिश के बाद से काफी कम पानी आ रहा है। रोजमर्रा के काम पूरे नहीं हो रहे हैं। इस समस्या का हल जल्द निकाला जाए। -नरेश गोयल, निवासी