सेक्टर-102 में 100 एकड़ की जमीन वर्ष 2031 के मास्टर प्लान में ग्रीन एरिया में दर्ज है
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-102ए में मास्टर प्लान 2031 के अनुसार 98 एकड़ इलाके को ग्रीन एरिया के रूप में दिखाया गया है। बिल्डरों ने सेक्टर 102 के तमाम फ्लैट इस बड़े पार्क को नक्शे में दिखाते हुए बेेचे हैं लेकिन द्वारका एक्सप्रेसवे पर कहीं भी ग्रीन एरिया और सार्वजनिक पार्क की व्यवस्था नहीं है, इसलिए लोगों ने प्रशासन से नक्शे में दर्ज ग्रीन एरिया को अधिग्रहित करने की मांग की। लोगों ने आरटीआई लगाई मगर जवाब नहीं मिला। अब लोगों ने ध्यान दिया है कि मास्टर प्लान में दर्ज ग्रीन एरिया में मिट्टी भरी जा रही है और वहां निर्माण की तैयारी है।
सेक्टर-102 स्थित अडानी ओएस्टर सोसाइटी में रहने वाले कमल मल्होत्रा ने आरटीआई का जवाब नहीं मिलने पर राज्य सूचना आयुक्त के समक्ष आरटीआई एक्ट 2005 के उल्लंघन की शिकायत की है। उन्होंने लिखा है कि सेक्टर 102ए में 98 एकड़ ग्रीन एरिया की स्थिति क्या है जो डीटीपी के 16 अप्रैल 2010 के नक्शा संख्या डीटीपी (जी) 1936 के रूप में दर्ज है। छह जून 2025 की कमल मल्होत्रा की आरटीआई का अभी तक जवाब नहीं आया है। उन्हाेंने इसके जवाब की गुजारिश राज्य सूचना आयुक्त से की है।
ग्रीन एरिया के रूप में चिन्हित जगह पर निर्माण गतिविधि के कारण सेक्टर-102 की सोसाइटियों इंपीरियल गार्डन, अडानी ओएस्टर, जॉय विले, बीपीटीपी एमस्टोरिया, सन सिटी, एवेन्यू, आरओएफ आलयाज, हर्मिटेज मैक्स, गुड़गांव ग्रींस आदि के लोग इस बात को लेकर आशंकित है कि मास्टर प्लान में ग्रीन एरिया के रूप में दर्ज इलाके में कहीं कंस्ट्रक्शन न शुरू हो जाए।
मैंने जून में आरटीआई लगाई थी कि मास्टर प्लान में दर्ज 98 एकड़ ग्रीन एरिया की मौजूदा स्थिति क्या है इसमें ग्रीन एरिया विकास कब होगा। आरटीआई का जवाब अभी तक नहीं आया है। मगर वहां मिट्टी भरी जा रही है। मैंने सूचना आयुक्त से इसका जवाब मांगा है।
- कमल मल्होत्रा, निवासी अडानी ओएस्टर एमटूके
पूरे द्वारका एक्सप्रेसवे में कहीं भी ग्रीन एरिया नहीं है। सेक्टर 102ए का जो इलाका पहले से ग्रीन एरिया के रूप में नक्शे में दर्ज है, वहां पहले से ही पेड़ पौधे हैं। हम लोगों ने कई बार प्रशासन से इसकी गुहार लगाई है।
- सोनम वाधवा, इंपीरियल गार्डन, संयुक्त सचिव