लोगों ने बांटा मीठा पानी
गुरुग्राम। हरियाणा ऑटो चालक संघ और भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध संगठन द्वारा रविवार को जिले में लोकमाता माता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर में दो अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पहला कार्यक्रम सेक्टर-5 स्थित हुड्डा ग्राउंड में संघ के पदाधिकारी सनोज पाल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जबकि दूसरा कार्यक्रम मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 पर आशीष ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
दोनों कार्यक्रमों में भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने माता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में योगेश शर्मा ने माता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके आदर्शों तथा समाज कल्याण के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति, सुशासन और जनसेवा की अनुपम प्रतीक थीं। उन्होंने नगर निगम गुरुग्राम और विधायक मुकेश शर्मा से आग्रह किया कि मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर स्थापित किए जाने वाले पेयजल वाटर कूलर का नाम माता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा जाए। कार्यक्रम में यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। जयंती समारोह के अवसर पर लगभग 1500 से 1600 लोगों को मीठे पानी की छबील लगाकर जल सेवा भी प्रदान की गई। संवाद