मुख्य गेट भी होगा नया, प्रस्ताव मंजूरी के लिए चंडीगढ़ भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। विपणन मंडी फर्रुखनगर में किसानों और व्यापारियों को जल्द ही दो बड़ी सुविधाएं मिलेंगी। मंडी समिति ने दो सरकारी धर्मकांटा लगवाने और मंडी का मुख्य गेट बड़ा करवाने का प्रस्ताव तैयार कर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, चंडीगढ़ को मंजूरी के लिए भेज दिया है।
कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव विजय कुमार एवं कमेटी चेयरमैन दौलतराम रईया ने बताया कि मंडी में सरकारी धर्मकांटा न होने से किसानों को अपनी उपज तुलवाने के लिए निजी कांटों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे तौल को लेकर कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है। सरकारी धर्मकांटा लगने से तौल में पूरी पारदर्शिता आएगी और किसानों को उनकी उपज का सही वजन मिलेगा। उन्होंने बताया कि मंडी का मौजूदा मुख्य गेट संकरा है। रबी और खरीफ सीजन में अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व बड़े वाहनों के आवागमन से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। नया बड़ा गेट बनने से वाहन आसानी से आ-जा सकेंगे और जाम से राहत मिलेगी।
दोनों कार्यों के लिए अनुमानित लागत के साथ प्रस्ताव बोर्ड को भेजा गया है। सचिव विजय कुमार ने कहा कि चंडीगढ़ से मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर काम शुरू करवा दिया जाएगा। मंडी प्रशासन का प्रयास है कि अगली फसल सीजन से पहले किसानों को ये सुविधाएं मिल जाएं। मंडी उपप्रधान कृष्ण चौहान व व्यापारियों ने मंडी समिति के इस कदम का स्वागत किया है।