विद्यार्थियों ने सजाट कर दिया स्वच्छता और सकारात्मकता का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के सरकारी स्कूलों में दीपावली का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्कूलों में रंगोली बनाई और दीप जलाकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। स्कूलों को रंग विरंगी सजावट से सजाया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से दीपावली के रंग बिखेरे। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से जारी निर्देशों के तहत स्कूलों में एक दीप विद्यालय के नाम से कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
कार्यक्रम के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौरंगपुर, राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय नौरंगपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नवादा फतेहपुर, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-4/7 और पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चक्करपुर सहित जिले के विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों ने दीप जलाए और रंगोली बनाई।
बच्चों ने स्कूल परिसर को फूलों और रंगों से सजाया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को दीपावली के महत्व के बारे में बताया। साथ ही उन्हें स्वच्छता, आपसी भाईचारे और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अपने विद्यालय के प्रति सम्मान और अपनापन रखने का संदेश दिया गया। बच्चों ने रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई और दीप जलाकर विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को दीपावली के महत्व के बारे में बताया और उन्हें त्योहार को स्वच्छता, सुरक्षा का संदेश दिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थिों में अपने विद्यालय के प्रति सम्मान, जुड़ाव और जिम्मेदारी की भावना बढ़ाना था।