आम आदमी पार्टी आज उपायुक्त को सौंपेगी ज्ञापन, कल किया जाएगा प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भाजपा सरकार के राज में बेरोगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई, जलभराव और आमजन के लिए मूलभूत सुविधाओं की कमी आदि मुद्दों पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने मनोहर सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। आप के गुरुग्राम लोकसभा अध्यक्ष मुकेश डागर ने मंगलवार को पत्रकारवार्ता में प्रदेश सरकार को हरियाणा में बेरोजगारी को बढ़ावा देने वाली सरकार बताया। पत्रकारवार्ता में लोकसभा सचिव राजीव यादव, मुकेश, पवन चौधरी व तरविंदर सैनी व पारस जुनेजा सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।
मुकेश डागर ने कहा कि आम आदमी पार्टी सीईटी में सभी पास अभ्यर्थियों को शामिल करवाने को लेकर पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगी। इस कड़ी में 28 जून को आप के सभी जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिलों में सभी पास अभ्यर्थियों को शामिल करवाने को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार को सचेत करेंगे। 29 जून को पूरे प्रदेश में युवाओं के कंधे से कंधा मिलाकर प्रदर्शन किया जाएगा। गुरुग्राम में आप के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।
मुकेश डागर ने कहा कि मनोहर सरकार में हरियाणा बेरोजगारी और महंगाई में नंबर एक पर है। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल में खट्टर सरकार ने कोई भी भर्ती प्रक्रिया पूरा नहीं की है। उन्होंने सीएम खट्टर से एचएसएससी के अध्यक्ष को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की, क्योंकि उनके ऊपर हर भर्ती में आरोप लगते जा रहे हैं।