गुरुग्राम। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) प्रवर्तन ने मंगलवार को सधराना गांव के क्षेत्र में करीब 39 एकड़ में बनाई जा रहीं तीन अवैध कॉलोनियों में हो रहे निर्माण को ध्वस्त कर दिया। साथ ही अवैध कॉलोनी बनाने वालों को चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के काम शुरू किया तो मुकदमा तक दर्ज करवाया जा सकता है।
डीटीपी विभाग को सूचना मिली थी गांव सधराना के आसपास कुछ लोग अवैध कॉलोनियां बना रहे हैं। जांच में सूचना सही पाई गईं। मंगलवार को डीटीपी प्रवर्तन की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंच गई। यहां पर गढ़़ी चंदू में छह एकड़ में बनाई जा रही अवैध कॉलोनी में बनाई गई सड़कों को ध्वस्त कर दिया गया। गांव सधराना क्षेत्र में पांच एकड़ में बनाई जा रही एक निर्माणाधीन मकान और सड़कों को ध्वस्त कर दिया। यहीं पर एक जगह 28 एकड़ जमीन में अवैध कॉलोनी बनाई जा रही थी। यहां पर 2 किलोमीटर सड़क, एक निर्माणाधीन मकान और 900 मीटर चारदीवारी को ध्वस्त कर दिया। डीटीपी मनीष यादव ने मौके पर इकट्ठा हुए लोगो से कहा कि वह अवैध कॉलोनी में अपना पैसा नहीं लगाएं। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में जीएमडीए के अभियंता ओपी मलिक मौजूद थे। साथ में जेई नवीन, तकदीर सिंह, पारसमनी आदि भी मौजूद रहे।