विकास एवं पंचायत मंत्री ने राठीवास में भगवान शनिदेव पर किया तेलाभिषेक
ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को प्रमुखता से निवारण के दिये निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने शनिवार को राठीवास में शनिदेव की मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में शामिल होकर शनिदेव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने यहां तेलाभिषेक किया और भगवान शनिदेव की विधि विधान से पूजा अर्चना की। इस दौरान पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता व जिला परिषद की प्रमुख दीपाली चौधरी भी उनके साथ मौजूद रही।
पंचायत मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित गांव राठीवास व आसपास के क्षेत्रों से आए पंचों, सरपंचों व अन्य जनप्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीणों की परेशानियों को दूर करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांवों में जरूरत के कामों को प्राथमिकता से पूरा कर देने मात्र से ही धीरे धीरे गांव विकसित हो जाएंगे लेकिन जरूरत प्राथमिकता तय करने की है।
पंचायत मंत्री ने इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास का क्रम पूरी पारदर्शिता के साथ अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों से कहा कि उनकी जो भी समस्याएं है वे उनके सामने रख सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि उनकी जो भी समस्याएं उनके समक्ष आएंगी वे प्रमुखता से उनका निवारण करेंगे।
इस अवसर पर राठीवास की सरपंच सुमन देवी, पंचायत समिति पटौदी के चेयरमैन पंकज यादव, पूर्व जिला पार्षद दीपचंद सहित आसपास के क्षेत्रों से आए अन्य गणमान्य उपस्थित थे