डीटीपी ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से मांगी अतिक्रमण संबंधित जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण गंदगी और अव्यवस्था की शिकायत लोग हमेशा करते रहते हैं। अब सभी संबंधित विभागों को साथ लेकर फुटपाथों और ग्रीन बेल्ट को मुक्त कराने का अभियान जीएमडीए चलाएगा। इसकी शुरुआत इस हफ्ते हो गई है। इस संबंध में पिछले दिनों गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) के नगर योजनाकार (डीटीपी) ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को सूचना जारी कर ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण संबंधित जानकारी मांगी। जिन आरडब्ल्यूए ने शिकायत दर्ज कराई, उन इलाकों में डीटीपी की टीम ने दौरा किया। डीटीपी आरएस बाठ ने कहा है कि जीएमडीए शहर की सभी सड़कों और फुटपाथ का सर्वे कर वहां से सुनियोजित तरीके से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाएगा।
सेक्टर चार के निवासियों ने बताया कि डीटीपी की टीम ने करीब दो घंटे तक इलाके में सड़कों के फुटपाथ और ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण को लेकर निरीक्षण किया। आगे यहां कार्रवाई होगी। निवासियों ने इसको लेकर खुशी व्यक्त की है। सेक्टर 52 स्थित आरडी सिटी में लोगों ने गेट नंबर तीन के पास अनियोजित तरीके से बनाए गए लेबर चौक और गेट नंबर एक के पास ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। डीटीपी की टीम ने इस जगह का दौरा कर यहां से अतिक्रमण हटाकर सौंदर्यीकरण कराने का वादा निवासियों से किया है। सेक्टर 23ए की आरडब्ल्यूए अध्यक्ष नीरू यादव, सेक्टर 21 के आरडब्ल्यूए महासचिव केएल शर्मा आदि ने भी उनके इलाके में ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण होने वाली दिक्कतों की शिकायत की है।
सेक्टर चार में हमारी शिकायत पर डीटीपी की टीम ने दौरा किया है। हमें उम्मीद है कि ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण अब नहीं रहेगा। इससे फुटपाथ पर चलने वालों को भी परेशानी होती है। डीटीपी आरडब्ल्यूए की मदद ले रहे हैं यह हमारे लिए खुशी की बात है। - योगिता कटारिया, सेक्टर चार
हम लोगों ने आरडी सिटी के गेट नंबर एक और गेट नंबर तीन पर ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण की शिकायत की थी, डीटीपी और टीम ने इसका निरीक्षण किया है। हमें यहां अतिक्रमण मुक्त ग्रीन बेल्ट और बेहतर तरीके से हरियाली विकसित किए जाने की उम्मीद बंधी है। - चैताली मढ़ोत्रा, आरडी सिटी
अधिकारी ने कहा
शहर के सभी ग्रीन बेल्ट और सड़कों का सर्वे कराया जाएगा। ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ पर अतिक्रमण को हटाने के लिए जीएमडीए नगर निगम के सभी डिविजन और ट्रैफिक पुलिस से मिलकर काम करेगी। एक ई मेल भी जारी किया जाएगा। ताकि लोग शिकायत दे सके। लोगों की शिकायत पर कुछ इलाके का हम लोगों ने दौरा भी किया है। - आरएस बाठ डीटीपी जीएमडीए