सड़क के पुनर्निर्माण कार्य के लिए तैयार की जा रही योजना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) सेक्टर-70 और 70ए में मास्टर रोड के निर्माण की तैयारी कर रहा है। इस योजना के तहत सड़क के साथ-साथ सर्विस रोड, फुटपाथ और आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया जाएगा। इस पर करीब 30 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
जीएमडीए के अनुसार, प्रस्तावित मास्टर रोड सदर्न पेरिफेरल मार्ग (एसपीआर) से जुड़ी हुई है। सड़क निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। जीएमडीए इस योजना का एस्टीमेट तैयार कर रहा है। एस्टीमेट को मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। वर्तमान में इस क्षेत्र में तेजी से आवासीय और व्यावसायिक विकास हो रहा है।
हालांकि कई स्थानों पर सड़क और बुनियादी ढांचे की कमी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मास्टर रोड के निर्माण से यातायात का दबाव कम होगा और क्षेत्र की सड़क व्यवस्था अधिक व्यवस्थित बनेगी। एसई फैजल इब्राहिम ने बताया कि न्यू गुरुग्राम क्षेत्र की सड़कों के जीर्णोद्धार का कार्य चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है। संबंधित सड़क पर भी जल्द ही मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।