नोट: अपराजिता को लोगो लगाए
न्यू हैप्पी चाइल्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आत्मरक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। जो बेटियां स्कूल या कॉलेज स्कूटी से आती जाती हैं वह हेलमेट लगा कर ही वाहन चलाए। यातायात नियमों का निष्ठा से पालन करें। अपने आस-पास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। ये बातें अमर उजाला की अपराजिता मुहिम के तहत आत्मरक्षा जागरुकता शिविर में विद्यालय की प्रधानाचार्य सरोज ठाकरान ने शनिवार को न्यू हैप्पी चाइल्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन कृष्ण ठाकरान ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य ने छात्राओं से कहा कि वर्तमान समय में किसी भी असामाजिक तत्व से डरने की जरूरत नहीं है। कही कुछ गलत हो तो उसका विरोध करें। महिला हेल्पलाइन पर कॉल करके तत्काल मदद लें। बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। आप सभी के अंदर भी प्रतिभा छुपी है। बस उसे निखारने की जरूरत है। किसी भी क्षेत्र में पूरे हौसले के साथ काम करें सफलता आपको निश्चित मिलेगी। सोशल मीडिया का उपयोग कम से कम करें।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन ने कहा कि अमर उजाला की अपराजिता मुहिम बेटियों को सशक्त बनाने का काम कर रही है। इस तरह का आयोजन समय की मांग है। आत्मरक्षा जागरुकता कार्यक्रम जिले के प्रत्येक विद्यालय में होना चाहिए। जिससे छात्राओं का मानसिक विकास हो और अपने ऊपर उठने वाले हर हाथ को रोक सकें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने बढ-चढ़ कर प्रतिभाग किया।