फोटो - नुक्कड़ नाटक में शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करते लोग।
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। ग्राम पंचायत टाई में अनुभूति समिति की सिविक फेलो टीम ने शिक्षा के महत्व पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा विशेष रूप से बेटियों की पढ़ाई को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। नाटक में शिक्षा को उज्ज्वल भविष्य की कुंजी बताते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों, खासकर बेटियों, को स्कूल भेजने और उन्हें उच्च शिक्षा दिलाने की अपील की गई।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से टीम ने बताया कि शिक्षा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास की मजबूत आधारशिला है। कलाकारों ने संदेश दिया कि बेटियों को शिक्षित करना समाज को सशक्त और प्रगतिशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान अनुभूति समिति के एसोसिएट मैनेजर बाबुल ने कहा कि जिस प्रकार अभिभावक बेटों की शिक्षा को महत्व देते हैं, उसी प्रकार बेटियों को भी समान अवसर मिलने चाहिए। नाटक के माध्यम से मेवात विकास अभिकरण द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई। इस अवसर पर संजय, साजिद इलियास, नूरेज, प्रियंका, रेणु, नजमा, शबाना, फरजाना, हसीना सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।