निदेशालय की ओर से जिलेवार बजट जारी होंगे पांच लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से स्कूली छात्रों को शिक्षा से जोड़कर रखने के लिए साइकिल वितरण योजना का काम तेज कर दिया है। इस योजना से स्कूली छात्रों को स्कूल तक पहुंचने में आसानी होगी। इसके लिए निदेशालय की ओर से जिलेवार बजट जारी कर दिया गया है।
इस योजना के तहत पांच लाख रुपये का बजट दिया गया है। इसके बाद शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित स्कूलों को पात्र छात्रों की पहचान कर सूची तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। योजना के तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छठी कक्षा के अनुसूचित जाति वर्ग के छात्रों को साइकिल दी जाएगी। निदेशालय के अनुसार ग्रामीण और स्कूल से दूर रहने वाले कई छात्रों को रोजाना स्कूल पहुंचने में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। कई बार परिवहन सुविधाओं की कमी के कारण छात्रों के पढ़ाई पर भी प्रभाव पड़ता है। इससे साइकिल मिलने से छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी।
साइकिल योजना के लिए पहले स्कूल स्तर पर छात्रों की जानकारी जुटाई जाएगी। उसके बाद योजना का लाभ सीधे छात्रों तक पहुंचाने के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा। पात्र छात्रों का वेरिफिकेशन होने के बाद निर्धारित राशि उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। इससे वे साइकिल खरीद सकेंगे।