गुरुग्राम। शांति नगर स्थित हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट कार्यालय में लोगों को लाइन से बचाकर जल्द कार्य करने की एवज में रुपये लेने के मामले में एजेंसी ने कार्रवाई की है। एजेंसी ने कार्यालय में तैनात दोनों सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी से हटा दिया है। उनके स्थान पर दो नए सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इन्हें निर्देश दिए गए हैं कि यदि उनके खिलाफ रुपयों के लेनदेन की कोई शिकायत आई तो कार्रवाई की जाएगी। स्टाफ न होने और भीड़ ज्यादा होने की खबर को अमर उजाला ने 24 दिसंबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसके बाद मामले की पूरी जानकारी ली गई। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी अखिलेश पाठक ने बताया कि यह शिकायत सामने आते ही तुरंत कार्रवाई की गई है। यह भी सामने आया कि लोगों को लाइन से बचाने की बात कहकर जल्दी कार्य कराने के लिए रुपये लिए जा रहे थे। ऐसे में इसकी जांच की गई। इस बाबत दो सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी से हटाकर दो नए को रखा गया है। उधर, रविवार को हाई सिक्योरिटी प्लेट लगवाने के लिए बुकिंग करवाने वालों की संख्या नाम मात्र ही रही। यहां काउंटर खाली रहे। अन्य दिनों में यहां रोजाना करीब 350 लोग बुकिंग के लिए आ रहे थे।
इसके अलावा औसतन रोजाना करीब 280 प्लेटें लगाई जा रही हैं। रविवार को यहां नाम मात्र के लोग आए। यह वह लोग थे जिन्होंने पहले से प्लेट की बुकिंग कराई थी और अब लगवानी थी। उन्होंने बताया कि काउंटर को सप्ताह के सातों दिन खोला जा रहा है ताकि कार्य को तेजी से किया जा सके।