घर में चल रही थीं शादी की तैयारियां, हादसे ने खुशियों को गम में बदला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर शनिवार की सुबह करीब 4.30 बजे थार गाड़ी हादसे में सोनीपत के मोहाना गांव निवासी गौतम की मौत हो गई। गौतम की शादी की शहनाई बजने से पहले ही अर्थी उठानी पड़ी। गौतम के परिवार वालों ने बताया कि एक नवंबर को गौतम की शादी होनी थी।
शादी के लिए घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं लेकिन शनिवार को हुए सड़क हादसे ने उनकी खुशियों को गम में बदल दिया। गौतम के एक बड़ा भाई व एक बहन है, दोनों की शादी हो चुकी है। शनिवार को मोहाना गांव से गुरुग्राम पहुंचे गौतम (मृतक) के भाई गोविंद ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे गुरुग्राम पुलिस ने हादसे के बारे में सूचना दी तो परिवार एकदम से सकते में आ गया। गोविंद ने बिखलते हुए बताया कि उनके घर वालों ने गौतम की शादी के लिए रिश्ता तय किया हुआ था और एक नवंबर को शादी होनी थी। घर-परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इनमें शादी का कार्ड छपने व बांटने, कपड़े व गहने खरीदने सहित अन्य कार्य किए जा रहे थे लेकिन इस हादसे से उनकी खुशियां ही बिखर गईं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की दोपहर करीब 12.30 बजे गौतम से कॉल पर बात हुई थी। इस दौरान शादी की तैयारी संबंधी और छुट्टी को लेकर भी बात हुई थी, उन्हें क्या पता था कि उनकी अपने छोटे भाई गौतम से आखिरी बार बात हुई है।
गौतम (मृतक) के जीजा ने बताया कि कुछ समय पहले ही गौतम नोएडा स्थित सैमसंग कंपनी में अच्छे पैकेज पर लगा था। इससे परिवार को भी आर्थिक तौर पर सहयोग मिल रहा था। गौतम का व्यवहार भी काफी अच्छा था। वह जब भी उनके घर आता था तो सबसे काफी घुल-मिलकर रहता व बातचीत करता था। इस हादसे ने उनके परिवार की खुशियों को बिखरा दिया।