मोनू उर्फ धौलिया राजस्थान के कोटपुतली से गिरफ्तार, लिपिन नेहरा ने ही पहुंचाई थी विदेशी पिस्टल
आरोपियों के पास से दो पिस्टल समेत सात कारतूस और एक मोबाइल बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गांव सिधरावली के पास दीपक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में विदेश में बैठे गैंगस्टर लिपिन नेहरा का नाम भी सामने आया है। मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी मोनू उर्फ धौलिया को भी गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि लिपिन ने मोनू को अवैध विदेशी पिस्टल मुहैया कराई थी। मोनू को बृहस्पतिवार 12 नवंबर को राजस्थान के कोटपुतली के पावटा से गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले पुलिस ने सिधरावली निवासी जतिन को मंगलवार 10 नवंबर को गुरुग्राम के सहरावन गांव से गिरफ्तार किया था। बुधवार 11 नवंबर को अदालत में पेश कर उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, एक विदेशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद हुआ है। पूछताछ में सामने आया कि हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई थी। करीब छह महीने पहले मृतक दीपक के साथियों ने जतिन के भाई के साथ मारपीट की थी। जतिन को जान से मारने की धमकी भी दी थी। मोनू जहां पहले काम करता था, उस संस्थान के मालिक सत्येंद्र यादव पर दीपक ने छह साल पहले जानलेवा हमला किया था। मोनू उस घटना का बदला लेना चाहता था। जतिन ने मोनू से संपर्क किया और दोनों ने मिलकर दीपक की हत्या की योजना बनाई।
हत्या की ये वारदात रविवार आठ नवंबर की देर रात लगभग सवा 11 बजे हुई थी। सिधरावली निवासी दीपक अपनी कार में सवार होकर हाइवे की ओर गया था। सर्विस लेन पर पहुंचते ही उस पर पहले से घात लगाए हमलावरों ने गोलियां चलाना शुरू कर दी। मौके पर ही दीपक की मौत हो गई। सोमवार नौ नवंबर की सुबह उसका शव लोगों ने कार में देखा तो मामला पुलिस तक पहुंचा। दीपक के चाचा की शिकायत पर बिलासपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
दीपक का भी आपराधिक रिकॉर्ड था। उसके खिलाफ गुरुग्राम में छह और राजस्थान में दो मामले दर्ज थे। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप शामिल थे। आरोपी मोनू उर्फ धौलिया पर भी आठ मामले दर्ज हैं। ये मामले गुरुग्राम और नांगल चौधरी में हत्या के प्रयास, लूट, छीना-झपटी, शस्त्र अधिनियम और आबकारी अधिनियम से संबंधित हैं। मोनू ने पुलिस पूछताछ में थाना सेक्टर-10 क्षेत्र में हत्या के प्रयास की एक और वारदात का खुलासा किया है।
एसीपी क्राइम टू ललित दलाल ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद हुई विदेशी पिस्टल इन्हें विदेश में बैठे गैंगस्टर लिपिन नेहरा ने मुहैया कराई थी। आरोपियों से टीम पूछताछ कर रही है।