मानेसर। सोहना आईएमटी में 30 एकड़ जमीन पर एक अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास केंद्र बनाया जाएगा। यह केंद्र प्राकृतिक गैस और स्वच्छ ऊर्जा से जुड़ी नई तकनीकें तैयार करेगा। इसमें विश्व स्तरीय प्रयोगशाला और नई तकनीकों के परीक्षण की सुविधा होगी। इससे कंपनियों और स्टार्टअप को अपने नए विचारों पर काम करने का अवसर मिलेगा। गेल कंपनी ने इस केंद्र के निर्माण की योजना हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) को मंजूरी के लिए भेजी है। कंपनी ने फरवरी 2026 में इसका भूमि पूजन भी किया था। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य देश में ही नई तकनीक विकसित करना और उद्योगों को बेहतर सुविधाएं देना है। एचएसआईआईडीसी सोहना में 1600 एकड़ जमीन पर आईएमटी विकसित कर रहा है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। संवाद