संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह/तावडू। जिले के तावडू उपमंडल में स्थित आईटीसी ग्रैंड भारत में आगामी तीन से 7 सितंबर तक की जी 20 शिखर सम्मेलन का आयोजन होगा। यह जिले के लिए गौरवशाली पल होंगे। 20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने का मौका देश के आकांक्षी जिला नूंह को भी मिलेगा। यह इस जिला के लिए गर्व का विषय है कि यहां भी ये समिट होने जा रही है। तावडू के आईटीसी ग्रैंड होटल में आगामी 3 से 7 सितंबर तक होने वाली इस समिट के लिए जिला प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।मेवात क्षेत्र इस तरह के ऐतिहासिक कार्यक्रमों का पहली बार गवाह बनने जा रहा है।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि भारत जी-20 की मेजबानी कर रहा है। इसके तहत देश के अलग-अलग शहरों में ये बैठक आयोजित की जा रही है। आईटीसी ग्रैंड होटल में होने वाली इस बैठक में मेहमानों को मेवात क्षेत्र के रहन-सहन, खानपान व संस्कृति से भी रूबरू होने का मौका मिलेगा।
डीसी ने बताया कि इस संबंध में केंद्र का एक दल पहले ही दौरा कर चुका है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के नजदीक होने के कारण यह क्षेत्र आने वाले समय में इन्वेस्टमेंट के लिए बेहतर क्षेत्र बनेगा। कुछ लोगों के मन में इस क्षेत्र के लिए अलग तरह की सोच है, लेकिन इस मेजबानी से यह जिला दिखाएगा कि यहां भी वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मौजूद है। यहां पर आने वाले लोगों को नूंह जिले का एक अलग पहलू व अलग तस्वीर भी देखने की मिलेगी।
उपायुक्त ने बताया कि नूह जिला आकांक्षी जिला होने के कारण इस तरह के कार्यक्रमों के लिए और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। नूंह जिले ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत नीति आयोग की ''डेल्टा रैंकिंग'' में दूसरा स्थान हासिल किया है। सोशियो-इकॉनोमिक समेत 7 पैरामीटर्स में नूंह ने तेज विकास दर्ज किया है। ऐसे में विदेशी मेहमानों का मेवात क्षेत्र में आगमन सभी के लिए गर्व करने वाली बात है।उन्होंने बताया कि तेजी से उभरते बाजार में इस तरह के आकांक्षी जिलों में विकास की संभावनाएं बहुत अधिक बढ़ जाती हैं। दिल्ली के इतने नजदीक होने के कारण इस जिला में अपार संभावनाएं हैं। इन्वेस्टमेंट के लिए यह क्षेत्र आने वाले समय में सबका पसंदीदा होगा।
डीसी ने बताया कि जी-20 की बैठक हाल के दशकों मे भारत में होने वाला सबसे बड़ा आयोजन है, जिसमें दुनिया के 20 देशों के राष्ट्र प्रमुखों के साथ ही उनके विदेश मंत्रियों, वित्त मंत्रियों, केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों व दूसरे अधिकारियों की बैठकें अलग अलग-अलग समय पर आयोजित की जाती है। इस तरह की बैठक का मेवात क्षेत्र में होना अपने आप में ऐतिहासिक बात है।जिला प्रशासन ने इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।