मोबाइल उत्पादन, क्वांटम कंप्यूटिंग और ग्रीन हाइड्रोजन होंगे देश का फोकस
रात्रि भोज के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुत्फ लेकर तारीफ करते नहीं थके मेहमान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। स्टार्टअप 20 शिखर में शामिल जी 20 देश आने वाले दस साल का विजन लेकर लौटे। अंतरराष्ट्रीय सहयोग से पहली बार स्टार्टअप फोरम जी-20 का हिस्सा बना। अब अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के साथ देश में मोबाइल उत्पादन, क्वांटम कम्पुटिंग, ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्र पर फोकस होगा। भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत ने आगे की रणनीति साझा करते हुए यह कहा। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप के जरिए दस साल का विजन साफ होगा।
स्टार्ट अप -20 के चेयर डॉ. चिंतन वैष्णव ने हरियाणा सरकार की खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जी 20 की मेजबानी में राज्य सरकार ने अपना पूरा सहयोग दिया है। स्कूल शिक्षा, हेरिटेज एवं पर्यटन मंत्री का भी उन्होंने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सराहनीय योगदान के बाद पूरी उम्मीद है कि यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम अपने लक्ष्य हासिल करेगा।
दो दिवसीय जी 20 कार्यक्रम के पहले दिन विदेशी मेहमानों के सम्मान में रात्रि भोज औ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। हरियाणवी लोक नृत्य फाग, धमाल, गूंगा धमोड़ा, सावन के महीने व मांगलिक गीतों ने समां बांधा। शास्त्रीय गायक दुर्गा जसराज व उनकी टीम ने भारतीय संगीत की विविधताएं मंच के जरिए प्रदर्शित की। इस दौरान स्टार्टअप कॉन्क्लेव में पहुंचे देश की नवोदित प्रतिभाओं को खूब सराहना मिली।
हरियाणा के स्कूल शिक्षा, हेरिटेज और पर्यटन मंत्री कंवर पाल इस दौरान राज्य के प्रतिनिधि के तौर पर शामिल हुए। स्टार्टअप 20 के चेयर डॉ. चिंतन वैष्णव और राज्य के मुख्य सचिव संजीव कौशल इस दौरान मौजूद रहे। डिविजनल कमिश्नर आरसी बिढान, जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव, पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन, सीपीओ वत्सल सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे।
लोक संस्कृति देख खूब झूमे विदेशी मेहमान
लोक गीतों व नृत्य की प्रस्तुतियों को देख विदेशी मेहमान भी खुद को नहीं रोक पाए। मेहमानों ने कलाकारों के दल के साथ देसी अंदाज में नृत्य किया। पारंपरिक परिधान दामण, कुर्ता, चुंदड़ी, बोरला पहन सजी हरियाणवी महिला कलाकारों ने मेरा नो डांडी का बीजणा और फागण आया रंग भरे गीतों की प्रस्तुति की। ज्यादातर मेहमानों ने अपने मोबाइल में कार्यक्रम रिकॉर्ड किया।
इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक संध्या के दौरान शास्त्रीय गायक दुर्गा जसराज व उनकी टीम से केदार पंडित व नीलाद्री मिश्रा ने लाइव कार्यक्रम पेश किए। भारतीय शास्त्रीय संगीत के विविध स्वरूपों से मेहमानों को रूबरू कराया। शास्त्रीय संगीत के साज व अलग-अलग राग से जुड़ी जीवंत प्रस्तुतियों ने माहौल को खुशनुमा बनाए रखा। हरियाणा सरकार की संगीतमयी प्रस्तुति व लाजवाब पकवानों से विदेशी मेहमान बेहद खुश नजर आए।