उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर फ्लैट खाली करने के लिए चार महीने का समय मांगा
18 मई को होगी संयुक्त बैठक, निवासी रखेंगे अपनी बात
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-109 स्थित चिंटेल्स पैराडाइसो सोसाइटी में रहने के लिए असुरक्षित घोषित किए गए टावर ई और एफ को 15 दिन के अंदर खाली करने के प्रशासन के फरमान से वहां के निवासियों में रोष है। मंगलवार को वहां के निवासी जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। यहां पर एडीसी के समक्ष निवासियों ने अपनी बात रखी। तय हुआ है कि 18 मई को लघु सचिवालय स्थित विकास सदन में टावर के निवासियों, प्रशासन के प्रतिनिधि और बिल्डर के साथ त्रिपक्षीय बैठक होगी। इसमें सभी मुद्दों और निवासियों की चिंता को रखा जाएगा। बैठक के बाद आगे की रूपरेखा तय होगी। उपायुक्त कार्यालय पहुंचे सोसाइटी के ललित कपूर, पीएस भाटिया, शोभा यादव, सीमा सिंह, अमरेंद्र श्रीवास्तव, हीरानंद शर्मा, प्रिया थॉमस, भास्कर पाराशर आदि ने एडीसी से मांग की है कि उन्हें अपने फ्लैट खाली करने के लिए 120 दिनों का समय दिया जाए। फ्लैट का पजेशन खरीदार के पास ही रहना चाहिए जब तक कि उसके संबंध में अंतिम समाधान नहीं हो जाए। अंतिम समाधान तक किराए का प्रावधान हो, साथ ही शिफ्टिंग का खर्चा भी इसमें शामिल होना चाहिए। दोनों टावरों के निवासियों की इन मांग को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है और 18 मई को होने वाली बैठक में रखने का भरोसा दिया है।
सोमवार को उपायुक्त ने ई और एफ टावर को तुरंत खाली कराने के आदेश दिए थे। साथ ही धारा 144 भी लागू की। आदेश में कहा था कि टावरों को खाली करके इस संपत्ति को चिंटेल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा जाए। इसके लिए जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) प्रवर्तन को
नोडल अधिकारी और ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया। आदेश का पालन करवाने के लिए पुलिस बल का प्रयोग करने के लिए भी कहा गया था।
बयान......
त्रिपक्षीय बैठक होनी है। इसमें निवासी अपनी चिंताओं को रखेंगे। सोसाइटी में अतिरिक्त पार्किंग का भी विषय सामने आया है। इस पर भी चर्चा होगी। पुनर्वास, अंतिम समाधान जैसे विषय हैं जो इस बैठक में रखे जाने हैं।- राकेश हुड्डा, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए, चिंटेल्स सोसाइटी
-