- उपायुक्त और पुलिस आयुक्त समारोह की तैयारियों का लेंगे जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए रविवार को फुलड्रेस रिहर्सल की जाएगी। फुलड्रेस रिहर्सल में उपायुक्त निशांत कुमार यादव और पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतिभागी टीमों ने शनिवार को अतिरिक्त उपायुक्त हितेश कुमार मीणा के मार्गदर्शन में सिविल लाइंस स्थित नेहरू स्टेडियम में अभ्यास किया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में इस बार प्रदेश की महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण करने के साथ ही मार्च पास्ट की सलामी लेंगी। 13 अगस्त को फाइनल फुलड्रेस रिहर्सल के तहत रिहर्सल में मुख्य अतिथि का आगमन, ध्वजारोहण व सलामी, मुख्य परेड का निरीक्षण, जनता के नाम संदेश का वाचन, शहीदों के परिवारों का सम्मान, पुरस्कार वितरण आदि का रिहर्सल किया जाएगा।
हितेश कुमार मीणा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के अलावा योगा, पीटी, डंबल्स व लेजियम शो सहित पुलिस, होमगार्ड, सिविल डिफेंस, प्रजातंत्र के प्रहरी, स्टूडेंट पुलिस कैडेट, एनसीसी की टुकड़ियों के अलावा ट्रैफिक पुलिस की टुकड़ियों द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा। समारोह में सरकार के विभिन्न विभागों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। जिला मुख्यालय सहित उपमंडल स्तर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।