पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा, दिल के पास मिले दो गहरे घाव
हत्या मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खांडसा सब्जी मंडी में 24 मई की सुबह फल व्यवसायी भारत भूषण वलेचा की मौत दिल में सुआ लगने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि शरीर के बांये तरफ दिल के ठीक ऊपर दो गहरे जख्म मिले हैं, जोकि दिल के पास थे। इनमें एक सुए के दिल में लगना उनकी मौत का कारण बना। फल व्यापारी भारत भूषण वलेचा की हत्या के मामले में पुलिस ने एक युवक राहुल को गिरफ्तार किया है।
आरोपी पड़ोस की दुकान पर काम करता था व वहीं रहता था। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हत्या का मुख्य आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। मृतक के भाई आशु ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन कारोबारी भारत भूषण व उनके पिता का राहुल के साथ झगड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि 24 मई की सुबह भारत भूषण की दुकान के सामने फ्रूट का ट्रक लगना था, लेकिन वो आढ़ती जयभगवान की दुकान के सामने तक आ रहा था। जबकि राहुल ने अनार की पेटियां लगा रखी थी। राहुल को आढ़ती जयभगवान ने फड़ी लगाने को किराये पर जगह दे रखी थी। भारत ने जब राहुल को पेटियों को हटाने को कहा तो दोनों में बहस हो गई। इसके बाद राहुल ने तुरंत फोन करके आरोपी आढ़ती जयभगवान को मौके पर बुला लिया। भारत भूषण व जयभगवान में कहासुनी हो गई उसने सुए से हमला कर दिया।
हत्या मामले में मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
- संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता।