जिले में बड़ी संख्या में दर्ज हुए मामले, दुकानदारों को बैंक अकाउंट ब्लॉक होने का डर
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। नूंह जिले में साइबर अपराधियों ने मोबिक्विक ऐप का दुरुपयोग कर दुकानदारों और व्यापारियों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया है। शुक्रवार को जिले में कई शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें तावडू के खोरी कला से एक और पुन्हाना क्षेत्र से सबसे ज्यादा मामले हैं।
गांव मरोड़ा के पीड़ित ने साइबर थाना नूंह में शिकायत दर्ज कराई कि 12 सितंबर को सुबह करीब 7:09 बजे एक युवक ने उनकी किराने की दुकान पर बिना पूछे मोबिक्विक स्कैनर में 2,70,000 रुपये डाल दिए। जालसाज युवक ने दावा किया कि यह उसके मामा से आए पैसे हैं और उन्हें नकद दें, लेकिन पीड़ित ने मना कर दिया। उन्होंने बताया कि इससे पहले सुबह भी दो युवक उनके घर आए थे, उन्होंने भी फोन पर पैसे डालने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। पीड़ित को डर है कि यह फ्रॉड पेमेंट है और उनका बैंक अकाउंट ब्लॉक हो सकता है।
दूसरा मामला गांव मरोड़ा के ही एक अन्य पीड़ित का है, जिनकी बस अड्डे पर कॉस्मेटिक की दुकान है। उन्होंने शिकायत की कि 12 सितंबर को सुबह 8:15 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने बिना पूछे उनके स्कैनर में एक लाख, 90 हजार रुपये डाल दिए। मैसेज आने पर पता चला और उन्हें शक है कि यह फ्रॉड है तथा कोई उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहा है। दोनों पीड़ितों ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा गांव खोरी कला में भी एक जालसाज ने मोबिक्विक एप के माध्यम से एक लाख रुपये का सामान खरीद का भुगतान करने का मैसेज दिखाया, लेकिन वहां पर एक जागरूक सीएससी संचालक ने एक युवक को पकड़ लिया और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
तीसरा मामला पुनहाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां एक व्यापारी से करीब 50 लाख रुपये उसके खाते में ट्रांसफर करने का दावा किया गया है हालांकि इसकी अभी पूरी तरह से पुष्टि नहीं हो पाई है। साइबर थाना नूंह ने चेतावनी जारी की है कि ऑनलाइन पेमेंट केवल विश्वसनीय स्रोतों से लें और संदिग्ध मामलों में तुरंत रिपोर्ट करें। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ठगों ने शुक्रवार को ही करोड़ों की ठगी की है। लोगों से अपील है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार से सावधान रहें और किसी भी अनजान पेमेंट को स्वीकार न करें। अधिक जानकारी के लिए साइबर थाना नूंह से संपर्क करें।