- प्लॉट दिलाने के नाम पर की थी 1.07 कराेड़ रुपये की ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपराध शाखा-2 की पुलिस और सेक्टर-9 थाने की पुलिस ने जालसाजी करके प्लॉट दिलाने के नाम पर 1.07 कराेड़ रुपये की ठगी करने के मामले में चौथे आरोपी को शनिवार को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुरुग्राम की फिरोज गांधी कॉलोनी निवासी कृष्ण कुमार (43) के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने अब तक चार आरोपियों भरत भूषण, नीतीश, सोनू व कृष्ण कुमार को गिरफ्तार किया है।
आरोपी कृष्ण कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। उसने अपने अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर योजनबद्ध तरीके से जालसाजी करके दूसरे का प्लाॅट दिखाकर ठगी की थी। जिस राशि में कृष्ण कुमार के हिस्से में 6.60 लाख रुपये आए थे। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि मामले में गहनता से छानबीन की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी कृष्ण कुमार से पूछताछ में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। मामले में कोई अन्य व्यक्ति संलिप्त पाया जाता है तो उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। आगामी कार्रवाई के लिए आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
यह था ठगी का मामला
मामले में मुख्य आरोपी भारत भूषण किराये पर मकान दिलाने का काम करता है। शिकायतकर्ता से जिस प्लॉट के नाम पर रुपये लिए गए थे, वह प्लॉट इसकी जमीन में से काटा गया था। उस जमीन में से रास्ते की जमीन सहित कुछ जमीन की रजिस्ट्री भारत भूषण के नाम थी। ऐसे में भारत भूषण ने अपने प्रोपर्टी डीलर साथियों कृष्ण, सोनू व अन्य साथी के साथ मिलकर ठगी की योजना बनाई। जिसका मालिक यहां नहीं रहता था। योजना के अनुसार आरोपी भारत भूषण को शमशेर सिंह नामक व्यक्ति के प्लॉट का मालिक बनाया और शिकायतकर्ता को धोखे में रखकर उससे 1.07 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। इस ठगी में से 80 लाख रुपये आरोपी भारतभूषण ने अपने बैंक खाते में प्राप्त किए और 27 लाख रुपये सोनू, कृष्ण व अन्य साथी ने नकद प्राप्त किए थे।