पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक छात्र सहित चार की मौत हो गई। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-37 थाने में दी गई शिकायत में हरदोई (उत्तर प्रदेश) के महसन मडिया समसपुर गांव निवासी रामू ने बताया कि वह मोहम्मदपुर झाड़सा गांव में किराये पर रहता है। उसका बेटा संजेश (17 वर्ष) खेड़कीदौला के सरकारी स्कूल में पढ़ता था। बृहस्पतिवार की दोपहर को संजेश अपने दोस्त के साथ साइकिल पर सवार होकर स्कूल से घर वापस आ रहा था। मोहम्मदपुर गांव के द्वारका एक्सप्रेसवे के अंडरपास संजेश की साइकिल को क्रेन ने टक्कर मार दी। टायर संजेश के ऊपर चढ़ने से वह घायल हो गया। घटना के बाद क्रेन चालक मौके से भाग गया। घायल संजेश को राहगीरों ने उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी राजेंद्र ने बताया कि मृत छात्र के पिता की शिकायत पर क्रेन के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जल्द ही क्रेन चालक को पकड़कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी
सेक्टर-56 थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। एक की पहचान बिहार के फतेहपुर क्षेत्र निवासी चंदन कुमार (25 साल) के रूप में हुई है जबकि दूसरे युवक की पहचान पश्चिम बंगाल के मसरूल अली (26 साल) के रूप में हुई है। सेक्टर-56 थाने के निरीक्षक विनोद ने बताया कि चंदन कुमार उबर बाइक चला रहा था और मसरूल अली सवारी के तौर पर बाइक पर बैठा था। जब बाइक घाटा पुल पर पहुंची तो ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई की जा रही है।
सड़क को पार करते समय वाहन ने टक्कर मारी
बजघेड़ा थाना क्षेत्र में द्वारका एक्सप्रेसवे के नीचे सड़क को पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बेगुसराय (बिहार) के परिहारा गांव निवासी उत्तम कुमार सिन्हा के रूप में हुई है। जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि उत्तम कुमार एक सोसाइटी में हाउस कीपिंग का काम करता था और परिवार के साथ ही बजघेड़ा थाना क्षेत्र में किराए पर रहा था। बृहस्पतिवार की देर शाम द्वारका एक्सप्रेसवे की सड़क पार करने के दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है।