अब तक पांच आरोपियों को किया जा चुका है गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-10 थाना अंतर्गत शक्ति पार्क के पास डिलीवरी बॉय पर कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में सेक्टर-40 अपराध शाखा की पुलिस ने चार और आरोपी होडल से गिरफ्तार किए हैं। पुलिस इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आगामी कार्रवाई के लिए सभी आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा।
आरोपियों की पहचान गुरुग्राम के शक्ति पार्क गली-2 निवासी रोहित उर्फ जिंदल, रेवाड़ी के नंद रामपुर गांव निवासी निकेश कुमार, शक्ति पार्क की गली-5 निवासी रोहित राघव और एटा (उत्तर प्रदेश) के सोना गांव निवासी अनिकेत उर्फ मोंटी के रूप में हुई है। वहीं, 24 नवंबर को आरोपी योगेश उर्फ निक्कू को गिरफ्तार किया गया था।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि आरोपी व मामले में पीड़ित अभिषेक आसपास में ही रहते हैं और एक-दूसरे को जानते हैं। शिकायतकर्ता अभिषेक ने एक झगड़े के दौरान आरोपी रोहित उर्फ जिंदल के पिता को गालियां दे दी थी। इसी बात की रंजिश रखते हुए रोहित उर्फ जिंदल ने अपने अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर 22 नवंबर को शक्ति पार्क के पास कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से उनके अन्य साथी आरोपियों के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी। युवक पर हमला करने मामले में अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।