मशीन पर नहीं था सेफ्टी गार्ड, पीड़ित की शिकायत के आधार पर कंपनी प्रबंधन खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बसई क्षेत्र स्थित आईटीईएस ऑटो फैब कंपनी में मशीन पर काम करते ऑपरेटर के हाथ की चार अंगुलियां कट गईं। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि काम करते समय मशीन हिलती थी और उस पर सेफ्टी गार्ड भी नहीं लगा था। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-9 थाने में कंपनी प्रबंधन खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
दौलताबाद निवासी सतपाल की पत्नी शकुंतला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पति आईटीईएस ऑटो फैब कंपनी में मशीन ऑपरेटर हैं। 10 जनवरी को मशीन पर काम करते समय पति सतपाल का दायां हाथ दबने से चोट लगी। घायल सतपाल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया तो डॉक्टर ने दायें हाथ की अंगुलियां खराब होने के कारण काटने के बारे में बताया। इसके बाद हाथ का ऑपरेशन करके चार अंगुली काटनी पड़ीं।
पीड़ित की पत्नी का आरोप है कि घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई सहयोग नहीं किया गया और न ही उनके पति के हालत के बारे में पूछा। पीड़ित ने बताया कि मशीन के हिलने व सेफ्टी गार्ड न लगा होने के बारे में कंपनी के मैनेजर और मैनेजमेंट का काम देखने वाले तपीश, विकास व सोनू को कई बार बताया गया था लेकिन कोई समाधान नहीं कराया गया।
शिकायत के आधार पर धारा 281, 125ए, 125बी, 3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। कंपनी प्रबंधन के बयान भी दर्ज किए जाएंग और मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। - संजीत, हैड कांस्टेबल,
जांच अधिकारी