सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठग रहे थे आम लोगों को
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने एक बार फिर साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर आम लोगों को ठग रहे थे। इन अपराधियों के पास से फर्जी मोबाइल सिम कार्ड, फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार ये ठग विभिन्न तरीकों से फर्जी विज्ञापन देकर लोगों से धोखाधड़ी कर रहे थे और उनके खिलाफ राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर देश के विभिन्न राज्यों से शिकायतें दर्ज थीं। साइबर टीम ने इनके मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रैक करके जिले के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर इन्हें दबोचा। नूंह पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि पहले मामले में साइबर क्राइम टीम ने नूंह के ताहिर हुसैन को गिरफ्तार किया। दूसरे मामले में टीम ने थाना पिनगवां के मुर्सलीम को अकबरपुर रोड से पकड़ा। तीसरे मामले में थाना नगीना के मोहिन को दिल्ली-अलवर रोड पर गिरफ्तार किया। चौथे मामले में अलीम को गिरफ्तार किया गया।