गुरुग्राम। अपराध शाखा फर्रुखनगर की पुलिस ने वेयरहाउस से सरसों के कट्टे चोरी करने के मामले में पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश व उसकी पत्नी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वेयरहाउस की जाली काटकर सरसों के कट्टे चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों से नौ कट्टे सरसों बरामद की है।
आरोपियों की पहचान बहरोड़ (राजस्थान) के सुंदरपुरा गांव निवासी अरविंद, हिसार के कालर भैनी गांव निवासी भजनलाल उर्फ भजना (36) व उसकी पत्नी चिड़िया, सीकर (राजस्थान) के कानीखोरी गांव निवासी मंजीत के रूप में हुई है। आरोपी भजनलाल उर्फ भजना पर हिसार में शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी अरविंद का तीन दिन का रिमांड पूरा होने के बाद बुधवार को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।