दो आरोपियों के खाते में साइबर ठगी के रुपये किए गए थे ट्रांसफर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर अपराध थाना दक्षिण की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध करवाने वाले चार आरोपियों को बीते शुक्रवार सीकर से गिरफ्तार किया है। दो आरोपियों के खाते में साइबर ठगी के रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
एक अक्तूबर 2024 को साइबर अपराध थाना दक्षिण में फर्जी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 1.20 लाख रुपये ठगी करने के संबंध में शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर थाना साइबर अपराध दक्षिण में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू की गई। सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) प्रियांशु दीवान ने बताया कि साइबर अपराध थाना दक्षिण की टीम ने मामले में चार आरोपियों को राजस्थान के सीकर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान समीर निवासी गांव रघुनाथपुरा, सीकर (राजस्थान), रूप किशोर निवासी श्रीखाटू श्याम, सीकर (राजस्थान), श्रवण निवासी कंवरपुरा, सीकर (राजस्थान) और मनोज निवासी मुंडवाड़ा, सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है।