जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली से पीएचडी कर रही हैं रवीना राठी
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। उपमंडल के गांव कोटा खंडेवला की बेटी और पूर्व सरपंच रवीना राठी ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके चयन से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी और बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताया।
रवीना राठी के परिवार और ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा दसवीं और बारहवीं तक नजदीकी गांव बिस्सर अकबरपुर के एक निजी स्कूल से पूरी की। ग्रेजुएशन की पढ़ाई गुरुग्राम के दौड़नाचार्य महाविद्यालय से की, जबकि एमडी यूनिवर्सिटी से डबल एमएससी की डिग्री हासिल की। वर्तमान में वह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली से पीएचडी कर रही हैं। साथ ही, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी जारी रखी हुई थी। उनका मुख्य लक्ष्य यूपीएससी परीक्षा पास करना था, जिसमें एक बार वह मामूली अंतर से चूक गईं, लेकिन हार नहीं मानी और प्रयास जारी रखे। इसी क्रम में आरएएस परीक्षा में आवेदन किया और सफलता प्राप्त की।
गौरतलब है कि रवीना राठी वर्ष 2016 में गांव कोटा खंडेवला की सरपंच निर्विरोध चुनी गई थीं और पांच वर्ष तक इस पद पर रहते हुए ग्रामीण विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। धर्मपाल राठी पहलवान, प्रदीप राठी, हीरा प्रधान, खालिद चाहल्का, शाहीन शम्स, अब्दुल जब्बार सरपंच व दीपक सतीजा सहित आदि का कहना है कि रवीना जैसी बेटियां समाज के लिए मिसाल हैं।