संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राष्ट्रीय नेटबॉल प्रतियोगिताओं में हरियाणा की टीम के गठन के लिए रविवार को हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई (सोनीपत) में चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। हरियाणा नेटबॉल एसोसिएशन की महासचिव बबीता दहिया ने बताया कि पुरुष और महिला खिलाड़ियों के प्रारंभिक चयन के लिए ट्रायल हुए। प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को 14 अक्तूबर से 3 नवंबर तक चलने वाले पहले चयन ट्रायल एवं प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
सत्र 2026-27 में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए एसोसिएशन ने टीम गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ट्रायल और प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए हरियाणा की पुरुष एवं महिला टीम तैयार की जाएगी। ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (एनएफआई) के सत्र 2026-27 में पंजीकृत होना अनिवार्य है। इस ट्रायल में जिले से लगभग 25 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, हालांकि चयनित खिलाड़ियों की सूची अभी जारी नहीं की गई है।