भारतीय सेना में सेवा दे चुके हैं जासूसी के आरोप में गिरफ्तार अरमान के परदादा
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। खंड के राजाका गांव के अरमान को पुलिस ने बीते शनिवार को पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया था। वह छह दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस और जांच एजेंसी लगातार अरमान से पूछताछ कर रही हैं और मामले की गहनता से जांच कर रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अरमान के दादा समसुद्दीन खेतीबाड़ी कर परिवार का गुजारा करते थे। उसके परदादा हमीदा भारतीय सैनिक के रूप में सेना में शामिल थे।
अरमान के भाई इंसाफ ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि गिरफ्तारी की जानकारी पुलिस से मिली। ऐसा कभी नहीं लगा कि अरमान देश की सैन्य गतिविधियों को पाकिस्तान के साथ साझा कर सकता है। मीडिया को देखकर दरवाजे बंद करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि परिवार के लोग घबराए हुए थे। किसी से भी बात करने की स्थिति में नहीं थे। उन्होंने कहा कि पुलिस पूछताछ कर रही है और कोर्ट में सुनवाई के दौरान जो भी फैसला होगा उसे स्वीकार करेंगे।
पाक एंबेसी के अधिकारियों को देता था जानकारी
पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि आरोपी युवक देश की सैन्य सुरक्षा की जानकारी पाकिस्तान एंबेसी में तैनात अफसरों को मुहैया कराता था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अरमान पुत्र जमील को अरेस्ट किया। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपी से एक फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी इंडिया में बैठे पाकिस्तान के दूतावास के अधिकारियों को सूचना देता था। फिलहाल आरोपी से पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है। आरोपी गाड़ी चलाता था और घर पर खेती बाड़ी करता था।
पाकिस्तान में आरोपी की रिश्तेदारी
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अरमान की पाकिस्तान में रिश्तेदारी है। वह दो बार वहां जा चुका है। वहीं से आरोपी पाकिस्तान के दूतावास दानिश के संपर्क में आया, जो लगातार 2023 से भारत की खुफिया जानकारी पाकिस्तान को दे रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी रिश्तेदारी में फोन पर भी लगातार बातें करता रहता है। अरमान के पिता छत्तीसगढ़ की जेल में बंद है।