थाईलैंड के हॉलीडे पैकेज के नाम पर 2 लाख की धोखाधड़ी
गुरुग्राम। थाईलैंड का हॉलीडे पैकेज बुक करवाने के नाम पर दिल्ली के एक ट्रैवल एजेंट ने महिला के साथ 2 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। इसकी शिकायत मिलते ही बजघेड़ा थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, महिंद्रा औरा सोसाइटी निवासी राशि पांडेय ने शिकायत में कहा कि उन्होंने परिवार के साथ गर्मी की छुट्टियों में थाईलैंड घूमने की योजना बनाई थी। दो महीने पहले उन्होंने रोहिणी दिल्ली के एक ट्रैवल एजेंट से संपर्क किया था। एजेंट ने करीब दो लाख रुपये में उनके परिवार के लिए हॉलीडे पैकेज दिया था। इसमें जहाज के टिकट भी शामिल थे। आरोप है कि बोर्डिंग के वक्त जब वह एयरपोर्ट पहुंचे तो पता लगा कि उनकी थाईलैंड के लिए कोई टिकट ही बुक नहीं है। इस पर उन्होंने एजेंट से संपर्क किया, लेकिन एजेंट ने कोई संतुष्टिपूर्ण जवाब नहीं दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने उन्हें रुपये भी वापस नहीं किए और जान से मारने की धमकी देने लगा। उप निरीक्षक बाबूलाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।