करीब डेढ़ कनाल भूमि में पर अवैध रूप से किया गया है कब्जा
भूमि पर धार्मिक स्थल व मकान बनाए
सोहना। क्षेत्र में वन विभाग की भूमि के कब्जा मुक्त होने के प्रबल आसार हैं। कब्जाधारियों ने भूमि से अपने कब्जों को हटाना शुरू कर दिया है। भूमि का कुल रकबा करीब डेढ़ कनाल है जिसमें दो धार्मिक स्थल व एक मकान बना हुआ है। वहीं, ऐसा होने से विभाग अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
सोहना नगरपरिषद के वार्ड नंबर 12 में वर्षों से वन विभाग की भूमि में एक मस्जिद, चर्च की चारदीवारी व एक मकान निर्मित है। इनको कब्जा मुक्त कराने के लिए बीते दिनों विभाग द्वारा कब्जाधारियों को भूमि खाली करने के नोटिस जारी किए थे। किंतु उनके सिर पर जूं तक नहीं रेंगी। गत सप्ताह प्रशासन द्वारा भूमि को खाली कराने के लिए बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट आरएस भट्ट को नियुक्त कर दिया था। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जाई भूमि का निरीक्षण किया तथा कब्जाधारियों से वार्तालाप करके स्वयं ही भूमि खाली करने के निर्देश दिए। बातचीत के बाद कब्जाधारियों ने मस्जिद को खाली कर दिया है जबकि, वन विभाग की भूमि में निर्मित मकान को भी कब्जाधारी ने स्वयं ही गिराना शुरू कर दिया है।
-
वन विभाग की भूमि में बनी मस्जिद को स्थानीय लोगों ने स्वयं ही ध्वस्त कर कब्जा हटा दिया है। इसके अलावा चर्च संस्था द्वारा की गई चहारदीवारी व मकान को भी लोगों ने हटाना शुरू कर दिया है। उन्होंने लोगों की उक्त पहल की सराहना की है। उन्होंने यह भी कहा कि वन विभाग की समस्त भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाएगा। खजान सिंह, रेंज अधिकारी, वन विभाग