वन विभाग कर्मचारियों का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को गुरुग्राम में वन विभाग के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के सिविल लाइन स्थित आवास का घेराव करने का प्रयास किया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मंत्री आवास की ओर जाने वाले दोनों ओर के मार्गों पर भारी बेरिकेडिंग लगाई गई तथा वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया।
वन विभाग के कर्मचारी जुलूस के रूप में मंत्री आवास की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें बेरिकेडिंग के पास ही रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि विभाग में वर्षों से कार्यरत संविदा और दैनिक वेतनभोगी वन मजदूरों को अब तक नियमित नहीं किया गया है। उन्होंने समान काम के लिए समान वेतन, कच्चे एवं अनुबंधित कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान तथा सामाजिक सुरक्षा लाभ उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।
प्रदर्शनकारियों ने भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई, न्यूनतम 26 हजार रुपये मासिक वेतन, सभी कर्मचारियों के पहचान पत्र जारी करने, सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने, न्यायालय से केस जीत चुके कर्मचारियों को तत्काल जॉइन कराने तथा पुराने कर्मचारियों को दोबारा सेवा में बुलाने की मांग भी उठाई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।